समय रैना है कि मानता नहीं! कजिन हसबैंड टिप्पणी पर विवाद


समय रैना ने कंट्रोवर्सी और अपने शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को एक दूसरे का पर्याय समझ लिया लगता है

. खुशदीप सहगल

नई दिल्ली (27 नवंबर 2026)|

समय रैना है कि मानता नहीं…

बंदे ने कंट्रोवर्सी और अपने शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को एक दूसरे का पर्याय समझ लिया लगता है. रणवीर अल्लाहबादिया वाले एपिसोड में कोर्ट की फटकार का भी इस पर कोई असर नहीं हुआ लगता.


इस शो के सीज़न 2 के ताज़ा एपिसोड की एक क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. इसमें समय रैना ने एक कंटेस्टेंट की रोस्टिंग के नाम पर बेहूदा हरकत की.

इस शो में कंटेस्टेंट के तौर पर ‘सलमा दीवानी’ के छद्म नाम से एंटरटेनिंग कंटेंट बनाने वाली भाग्यश्री तार्के ने भी हिस्सा लिया. हैदराबादी लहज़े में बोलने वाली ये इंफ्लुएंसर इंटरनेट पर ख़ासी पॉपुलर है. ख़ुद को सलमान ख़ान की दीवानी बताने वाली इस इंफ्लुएंसर ने अपने किरदार का नाम ही ‘सलमा दिवानी’ रखा हुआ है. दरअसल, भाग्यश्री ने ‘सलमा दिवानी’ नाम का एक बेहद लोकप्रिय नाटक लिखा था और उसमें मुख्य भूमिका निभाई थी. समय रैना के शो में भी वह इसी खास किरदार और अंदाज में परफॉर्म करने पहुंची.

हाज़िरजवाब इस कंटेस्टेंट ने शो में समय रैना की भी बोलती बंद कर दी. शो के जज पैनल‌ में एक्ट्रेस हुमा कुरैशी और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक भी मौजूद थे.

विवाद शो में समय रैना की एक टिप्पणी पर हुआ. ‘सलमा दिवानी’ से समय रैना पूछते हैं कि उनके साथ शो में कौन आया है. इस पर वह कहती है कि हैदराबाद से मुंबई तो अकेले आई लेकिन शो में उनका ‘कजिन’ साथ आया है. इसी बीच पैनल में मौजूद हुमा कुरैशी पूछती हैं कि “कजिन कौन है?” इस पर समय रैना ने तुरंत मजाकिया अंदाज में तंज कसते कहा- “हस्बैंड होगा”.

समय रैना के ऐसा कहने पर हुमा कुरैशी ने भी असहज महसूस किया. हंसते हुए भी उनके चेहरे से साफ़ लगा कि उन्हें ये मज़ाक पसंद नहीं आया.

वीडियो के इंटरनेट पर आते ही विवाद खड़ा हो गया. सोशल मीडिया यूजर्स के एक बड़े वर्ग ने ‘कज़िन/हसबैंड’ कमेंट को मुस्लिम समुदाय पर तंज माना. कई यूजर्स समय रैना और शो के मेकर्स को ट्रोल कर रहे हैं, वहीं, दूसरी तरफ समय के फैंस इसे महज एक ‘रोस्ट जोक’ बताकर उनका बचाव कर रहे हैं.

जमीयत दावतुल मुसलीमीन के संरक्षक मौलाना कारी इस्हाक गोरा ने समय रैना की इस टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मजाक करने और किसी की तहजीब का मजाक उड़ाने में फर्क समझना चाहिए.

देवबंद में मौलाना कारी इस्हाक गोरा ने कहा कि मनोरंजन के नाम पर किसी समुदाय की धार्मिक और सामाजिक परंपराओं को निशाना बनाना उचित नहीं है. बिना सोचे-समझे की जाने वाली ऐसी टिप्पणियों पर रोक लगनी चाहिए और ज़रूरत पड़ने पर उचित कार्रवाई भी होनी चाहिए. उन्होंने समय रैना को पिछले विवादों से सबक लेने की नसीहत भी दी.

वीडियो वायरल होने पर इंटरनेट यूज़र्स ने ‘सलमा दिवानी’ को भी गूगल पर सर्च करना शुरू कर दिया. कंटेंट क्रिएशन के लिए इस काल्पनिक किरदार को टैलेंटेड थिएटर आर्टिस्ट और अभिनेत्री भाग्यश्री तार्के निभाती हैं. भाग्यश्री मूल रूप से हैदराबाद की रहने वाली हैं और उन्होंने देश के प्रतिष्ठित नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से अभिनय की बारीकियां सीखी हैं. वह एक जानी-मानी नाटककार, निर्देशक और अभिनेत्री हैं. भाग्यश्री ने विशाल भारद्वाज की चर्चित वेब सीरीज ‘चार्ली चोपड़ा इन द मिस्ट्री ऑफ सोलंग वैली’ में भी अभिनय किया है.


समय रैना के लिए आप क्या कहना चाहेंगे? कहीं दुम 14 साल नली में रखने पर भी टेढ़ी की टेढ़ी निकलने वाला मामला तो नहीं?

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x