भगोड़ा ललित मोदी बन गया ब्रिटिश नागरिक

2010 में IPL समाप्त होने के बाद बीसीसीआई (BCCI) ने ललित पर अनुशासनहीनता, वित्तीय हेरफेर और टेंडर प्रक्रियाओं में गड़बड़ी के आरोप लगाए

. खुशदीप सहगल

नई दिल्ली (27 नवंबर, 2026)|

पूर्व IPL चेयरमैन और भगोड़े ललित मोदी के ब्रिटिश नागरिक बनने की ख़बर है. ललित ने अपने एक्स हैंडल पर ये घोषणा की है. अब ललित मोदी को भारत लाना और मुश्किल हो जाएगा.

IPL अनियमितताओं का आरोपी ललित 2010 में देश से भागा. इसी तरह 2 मार्च 2016 को 9000 करोड़ बैंकों का कर्ज लेकर विजय माल्या लंदन भाग गया. पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के आरोपी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जनवरी 2018 में भारत छोड़कर भाग गए. ललित के 2010 में देश से भागने के पीछे यूपीए सरकार की नाकामी थी. वहीं विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जब भागे तो मोदी सरकार सत्ता में थी. क्या इन भगोड़ों में से एक को भी वापस न ला पाना हमारी कूटनीति की विफलता नहीं. ऊपर से ललित और विजय माल्या लंदन में साथ जश्न मनाते, राजसी ज़िंदगी जीते आए दिन हमें ठेंगा दिखाते रहते हैं.

आइए अब ललित मोदी की बात की जाए-

ललित ने 14 नवंबर 2026 को ‘ऑक्सफोर्ड यूनियन’ में अपने संबोधन को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा, “एक गर्व का पल। एक नया अध्याय। आज, 14 नवंबर 2026 को, मुझे ऑक्सफोर्ड यूनियन को संबोधित करने का सौभाग्य मिला, जहां मैंने सबके सामने अपने जीवन के एक बहुत ही खास और व्यक्तिगत पड़ाव के बारे में बताया. मुझे ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है. 15 सितंबर 2026 को, अपने परिवार और दोस्तों के बीच, मैंने अपनी ब्रिटिश नागरिकता का जश्न मनाया.”

बता दें कि ललित के खिलाफ साल 2010 में IPL से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामलों की जांच शुरू हुई थी. इसके बाद ललित ने भारत छोड़ दिया और लंदन को अपना ठिकाना बना लिया. भारत में ललित के खिलाफ वित्तीय धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के कई मामले दर्ज किए गए. प्रवर्तन निदेशालय (ED) का आरोप था कि 2009 में जब सुरक्षा कारणों से IPL का दूसरा सीजन दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किया गया था, तब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मंजूरी के बिना लगभग 4.98 करोड़ अमेरिकी डॉलर विदेश भेजे गए थे. इस मामले में 2018 में ललित पर 10.65 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था.

2010 में IPL समाप्त होने के बाद बीसीसीआई (BCCI) ने ललित पर अनुशासनहीनता, वित्तीय हेरफेर और टेंडर प्रक्रियाओं में गड़बड़ी के आरोप लगाए. इसके चलते 2010 में ललित को निलंबित कर दिया गया और 2013 में बीसीसीआई की समिति ने दोषी मानते हुए आजीवन प्रतिबंध लगा दिया.

दिवंगत पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पर आरोप लगे थे कि उन्होंने साल 2014 में कैंसर से पीड़ित ललित मोदी की पत्नी के इलाज के संदर्भ में ब्रिटेन में उनके यात्रा दस्तावेजों (Travel Documents) के मामले में ब्रिटिश अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखा था. सुषमा स्वराज का तर्क था कि उन्होंने जो भी किया, वह पूरी तरह से सद्भावना (Bona fide) और मानवीय आधार पर किया था. सुषमा स्वराज उस वक्त विदेश मंत्री थीं. ब्रिटिश मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ललित की मदद के लिए सुषमा स्वराज ने भारतीय मूल के ब्रिटिश एमपी कीथ वाज से कहा था.

इसी तरह, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर आरोप था कि वर्ष 2011 में जब वो राजस्थान में विपक्ष की नेता थीं, तब उन्होंने ललित के ब्रिटेन में आव्रजन (Immigration) आवेदन का समर्थन किया था. हालांकि, उनके समर्थकों और उन्होंने खुद पारिवारिक संबंधों का हवाला दिया था और किसी भी गलत काम से इनकार किया था.

ललित ने खुद 2024 में इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में माना था कि उन्होंने सुषमा स्वराज और वसुंधरा राजे से मदद मांगी और ली भी, लेकिन साथ ही कहा कि वे पिछली UPA सरकार द्वारा मेरे साथ किए गए गलत काम को ठीक करने में ही मदद कर रहे थे. मोदी ने कहा, “सुषमा स्वराज परिवार के साथ मेरा पारिवारिक और कानूनी रिश्ता है; यह एक करीबी रिश्ता है,” ललित ने यह भी कहा कि वसुंधरा के साथ उनका रिश्ता 30 साल पुराना है.

सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज ललित की लीगल टीम में शामिल रह चुकी हैं. बांसुरी स्वराज ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएट हैं और भारत के सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट की क्रिमिनल लॉयर हैं. वे 2024 में लोकसभा चुनाव जीतने से पहले वकालत की प्रैक्टिस करती रही हैं. 2024 में बांसुरी स्वराज को बीजेपी की ओर से उम्मीदवार बनाए जाने का आम आदमी पार्टी ने विरोध किया था. आप नेता आतिशी और सोमनाथ भारती ने तब आरोप लगाया था कि बांसुरी देश विरोधी काम करने वाले भगोड़े ललित की पैरवी करती रही हैं.

अगस्त 2014 में ललित ने एक ट्वीट कर अपनी लीगल टीम का आभार जताया था. लीगल टीम के जिन सदस्यों के नाम का जिक्र ललित ने अपने ट्वीट में किया था, उनमें सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी समेत 8 वकील शामिल थे. ललित ने इन आठ वकीलों के नाम का जिक्र अपनी ट्वीट किया था- महमूद अब्दी, बांसुरी स्वराज, रोजर ग्रेसन, डॉक्टर आर मराठा, बियांका हेमरिच, वेंकटेश दोंद, अभिषेक सिंह, अंकुर चावला.

ललित मोदी अब ब्रिटिश नागरिक बन चुका है. देखना है उसे, विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी को कब प्रत्यार्पित कर भारत लाया जाता है? कभी लाया भी जा सकेगा या नहीं?

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x