
इस रेस्टोरेंट के विवाद में रहने की वजह, इसके बाहर लगा एक बोर्ड है, जिस पर लिखा है- ‘Proudly We Don’t Sell Halal’
. खुशदीप सहगलनई दिल्ली (27 नवंबर 2026)|
हरमन सिंह कपूर लंदन के हैमर स्मिथ इलाके में ‘सिंह्स डाइनिंग’ के नाम से रेस्टोरेंट चलाते हैं. कपूर की पत्नी खुशी भी इस काम में सहयोग देती हैं. पहले इनके रेस्टोरेंट का नाम ‘रंगरेज़’ था.
कपूर और इनके रेस्टोरेंट का नाम क्यों लंदन में बार बार चर्चा में आता रहता है? कपूर को इस साल दो बार हिरासत में लिया जा चुका है. पहले मार्च में और अभी 13 नवंबर को.
इस रेस्टोरेंट के विवाद में रहने की वजह, इसके बाहर लगा एक बोर्ड है, जिस पर लिखा है- Proudly We Don’t Sell Halal यानि ‘हम गर्व से हलाल नहीं बेचते’. इस बोर्ड का मकसद यही बताना है कि रेस्टोरेंट में हलाल नहीं झटका मीट से बनी डिशेज ही परोसी जाती हैं. कोई रेस्टोरेंट या मीट विक्रेता अगर ये बोर्ड पर लिख कर ग्राहकों को बताता है कि वह ‘झटका’ या ‘हलाल’ मीट या उससे बनी डिश सर्व करता है तो इसमें कुछ ग़लत नहीं, बल्कि इसका तो स्वागत किया जाना चाहिए. लेकिन कपूर के रेस्टोरेंट के बाहर ‘Proudly We Don’t Sell Halal’ लिखा होने को एक धर्म से जुड़े कुछ लोग ‘उकसाने’ वाला मानते है.
कपूर ने रेस्टोरेंट की फूड पॉलिसी को अपने सिख धर्म से जोड़ कर बताया. उनका कहना है कि वह झटका मीट पसंद करते हैं. सिख समुदाय के लोग इसे धार्मिक रूप से स्वीकार्य मानते हैं.
हालिया घटना में शुक्रवार, 13 नवंबर, रात को, ‘सिंह्स डाइनिंग’ रेस्टोरेंट के बाहर सैकड़ों प्रदर्शनकारी जमा हुए. एक वीडियो में एक प्रोटेस्टर को माइक्रोफोन से भीड़ को संबोधित करते हुए और यह पूछते हुए भी दिखाया गया कि वे रेस्टोरेंट का क्या चाहते हैं. खबर है कि भीड़ ने जवाब में रेस्टोरेंट को बंद करने की मांग की.
प्रदर्शन के कारण पुलिस को बुलाना पड़ा, और मेट्रोपॉलिटन पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को जगह के पास जाने से रोकने के लिए एक लाइन बना दी. रेस्टोरेंट के बाहर प्राइवेट सिक्योरिटी वाले भी तैनात थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्टर जॉन क्लीज़ (फॉल्टी टावर्स फेम) ने रेस्टोरेंट के लिए सपोर्ट दिखाने के बाद सिक्योरिटी का इंतज़ाम किया था.
कपूर को रेस्टोरेंट के बाहर होने वाले प्रदर्शन से कुछ घंटे पहले उनके वेस्ट लंदन वाले घर से हिरासत में लिया गया.
कपूर को गाजा में चल रहे संघर्ष से जुड़े अपने सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से भी आलोचना का सामना करना पड़ा है.
इससे पहले कपूर ने 12 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों से उनके रेस्टोरेंट में टेबल बुक करने और कारोबार को बचाने में मदद करने की अपील की थी. कपूर ने आर्थिक संकट का जिक्र करते हुए कहा कि किराया बकाया है और मकान मालिक की ओर से कानूनी कार्रवाई की धमकी मिल रही हैं.
कपूर ने इस साल फरवरी में ‘रंगरेज’ रेस्टोरेंट को बंद करने का एलान किया. यह रेस्टोरेंट करीब 16 साल से चल रहा था. उन्होंने बढ़ती लागत, ऑनलाइन उत्पीड़न, बार-बार होने वाले हंगामे और मेट्रोपॉलिटन पुलिस से पर्याप्त मदद नहीं मिलने को इसकी वजह बताया था.
बता दें कि इस साल मार्च में कपूर ने ‘नॉन-हलाल मीटअप’ नाम से एक कार्यक्रम का भी प्रचार किया था. उन्होंने समर्थकों से घटनाओं को रिकॉर्ड करने के लिए कैमरे और रिकॉर्डिंग डिवाइस लाने को कहा था. इस दौरान टकराव हुआ और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था. बाद में कपूर ने आरोप लगाया कि उन्हें गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तार किया गया और करीब 24 घंटे तक हिरासत में रखा गया. मई में उन्होंने मेट्रोपॉलिटन पुलिस और लंदन के मेयर सादिक खान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी. उन्होंने भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया था.
कपूर ने सोशल मीडिया पर गाजा पट्टी की एक इमारत का वीडियो साझा किया था और यह सवाल उठाया था कि यह इमारत अभी तक क्यों खड़ी है तथा इसे नष्ट क्यों नहीं किया गया. इस बयान को कई लोगों ने अमानवीय और भड़काऊ माना, जिसके बाद उनके खिलाफ भारी ऑनलाइन विरोध और बहिष्कार (Boycott) की मुहिम शुरू हो गई.
- भगोड़ा ललित मोदी बन गया ब्रिटिश नागरिक - November 27, 2026
- समय रैना है कि मानता नहीं! कजिन हसबैंड टिप्पणी पर विवाद - November 27, 2026
- लंदन में हलाल पर बवाल, सिख का रेस्टोरेंट विवादों में - November 27, 2026