इंफ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर में ज़बरन घुसा, पिटाई के बाद अस्पताल में दम तोड़ा
. खुशदीप सहगल
नई दिल्ली (25 नवंबर, 2026)|
‘डर’ मूवी आपने देखी होगी. उस फिल्म में शाहरूख़ ख़ान किस तरह जूही चावला से इकतरफ़ा प्यार के चक्कर में साइको बन गया था. यहां तक कि जूही चावला के घर में भी घुस जाता है. आख़िर फिल्म में शाहरूख़ को इसी चक्कर में अपनी जान गंवानी पड़ती है.
ऐसा ही कुछ दिल्ली के मधु विहार इलाके में हुआ. यहां सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर नेहा बिष्ट रहती है. नेहा बिष्ट के इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. नेहा से शादी की इच्छा रखने वाला अभिनव नाम का एक युवक 7 नवंबर की रात करीब 9 बजे उसके घर पहुंच गया. बताया गया है कि नेहा बिष्ट के इकतरफ़ा प्यार में अभिनव पागल था. लेकिन नेहा की तरफ से ऐसा कुछ नहीं था. अभिनव यूपी के गाजीपुर का रहने वाला है. उम्र 28 साल बताई गई है. वह चेन्नई की एक IT कंपनी में काम कर रहा था. चेन्नई से ही वो दिल्ली आकर नेहा के घर में घुसा.
रिपोर्ट के मुताबिक, इसी साल जून में जब नेहा की सगाई हुई थी, तब उसने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाली थीं. तब भी नेहा के घर अभिनव पहुंचा था. उसने तब भी कहा कि वह नेहा से प्यार करता है. उसने नेहा की किसी और से शादी न करने के लिए कहा. परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के बीच-बचाव करने पर उसने माफी मांगी और वादा किया कि वह अब दोबारा उससे संपर्क नहीं करेगा. उस समय मामले में कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं हुई थी.
लेकिन जैसे जैसे नेहा की शादी की डेट करीब आती गई, अभिनव अपने पर काबू नहीं रख सका. 7 नवंबर की रात वो नेहा के घर में जबरन घुसा तो था. इसके बाद नेहा के परिवार ने उसे बुरी तरह पीट दिया.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी इंफ्लुएंसर के घर पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि उस व्यक्ति की पीठ और दाहिने पैर पर गंभीर चोटें थीं. नवंबर को पुलिस ने पहले भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मारपीट के आरोपों पर खुद संज्ञान लेते हुए एक FIR दर्ज की थी. 8 नवंबर को अभिनव की हालत देखते हुए उसे पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया. वहां से उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, जीटीबी से भी उसे दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया. वहां 14 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
अभिनव की मौत के बाद पुलिस ने केस में ‘गैर-इरादतन हत्या’ से जुड़ी धाराओं को भी जोड़ दिया. उधर नेहा के 64 वर्षीय पिता और परिवार के 34 वर्षीय किरायेदार को 8 नवंबर को गिरफ्तार किया गया. दोनों अभी न्यायिक हिरासत में हैं.
आरोपितों का कहना है कि युवक ने नेहा से बदतमीजी की और शादी से इनकार पर धमकी भी दी. परिवार वालों को पहले लगा कि वह कोई चोर है. वह कथित तौर पर नशे में था. उसने नेहा के पिता से भी दुर्व्यवहार किया. आरोप है इससे नाराज परिवार वालों और पड़ोसियों ने कथित तौर पर अभिनव के साथ मारपीट की.
Related posts:
Latest posts by Khushdeep Sehgal (see all)
- दिल्ली में ‘डर’ मूवी जैसी घटना, इकतरफ़ा प्यार में युवक बना साइको, जान गंवाई - November 25, 2026
- सोनिया गांधी का इटली वाला घर बनेगा म्यूजियम, सिख बिजनेसमैन का एलान - November 25, 2026
- तेरा चाचा चोर है! स्कूल में ये सुन प्रियंका गांधी ने क्लासमेट को जड़ा था तमाचा - November 25, 2026
