नेता करें हिन्दी की वक़ालत, इनके बच्चे पढ़ने जाएं विलायत

 

 

क्या वाक़ई अंग्रेज़ी बोलने पर देश में शर्मिन्दगी महसूस होगी?

हिन्दी के लिए क्या नेता नाम की लिप-सर्विस करते हैं?

हर बड़े नेता या सेलेब्रिटी के बच्चे पढ़ने विदेश क्यों  जाते हैं?

-खुशदीप सहगल

नई दिल्ली (11 अगस्त 2025)|

हिन्दी भारत के माथे की बिंदी है. क्या वाकई ऐसा है?

ज़्यादा अर्सा नहीं बीता देश के गृह मंत्री अमित शाह कह चुके हैं कि भारत में अंग्रेज़ी बोलने वालों को जल्द ही शर्मिंदगी महसूस होगी. पूर्व आईएएस अधिकारी आशुतोष अग्निहोत्री की एक पुस्तक के विमोचन के वक्त अमित शाह ने जो कुछ कहा उसका लब्बोलुआब यही था कि ऐसे समाज का निर्माण अब दूर नहीं है जहां अंग्रेज़ी बोलना गर्व की बात नहीं समझा जाएगा. अमित शाह ने ये भी कहा था कि हिन्दी समेत भारतीय भाषाओं के बिना हम सच्चे भारतीय नहीं रह पाएंगे.

ये तो था ख़ैर एक बयान. अब वस्तुस्थिति भी जान लीजिए. इसके लिए एक बानगी ही काफी है. मध्य प्रदेश में तीन साल पहले हिन्दी भाषा में एमबीबीएस यानि डॉक्टरी की पढ़ाई को इंट्रोड्यूस किया गया. लेकिन पिछले तीन साल में एक भी ऐसा मेडिको स्टूडेंट सामने नहीं आया जिसने अपने सेमेस्टर एग्जाम्स के पर्चे हिन्दी में लिखे हों. सभी ने अंग्रेज़ी को ही चुना.

देखिए हिन्दी या भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने की कितनी भी बात की जाए लेकिन अंग्रेज़ी के बोलबाले से कोई इनकार नहीं कर सकता. माता-पिता अपने बच्चों को अंग्रेज़ी मीडियम स्कूलों में ही पढ़ाना चाहते हैं चाहे मोटी फीस के लिए उन्हें कितना ही पेट काट कर क्यों न जीना पड़े.

नेता या सेलेब्रिटी हिन्दी या भारतीय भाषाओं के लिए कितनी भी लिप सर्विस क्यों न करें लेकिन जब अपने बच्चों को हायर एडुकेशन दिलाने की बात आती है तो वो भारत के कॉलेजों या यूनिवर्सिटी का रुख नहीं करते बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन या ऑस्ट्रेलिया आदि देशों में ही बच्चों को भेजते हैं.

आइए आपको बताते हैं कि किस किस नेता के बच्चे विदेशी यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे हैं या वहां से पढ़ाई कर चुके हैं.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह- ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान- अमेरिका की पेंसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी से एलएलएम

विदेश मंत्री एस जयशंकर के बेटे ध्रुव जयशंकर–  अमेरिका की जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी से एमए

संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महानार्यमन सिंधिया- अमेरिका की येल यूनिवर्सिटी से एमबीए  

पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के बेटे आदित्य शंकर- अमेरिका की कॉर्नेल यूनिवर्सिटी से पढ़ाई

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की बेटी तिलोत्तमा- ब्रिटेन की वॉरिक यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएट

संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की बेटी सुहासिनी- ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से एडवांस डिप्लोमा कोर्स

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की बेटी शैनेल ईरानी- अमेरिका की जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी से एलएलएम

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बेटी परकला वांग्मयी- अमेरिका की नॉर्थवेसर्टन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के बेटे ध्रुव गोयल- हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज- ब्रिटेन की वारिक और ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ी हैं, इनर टेम्पल से बैरिस्टर एट लॉ

पूर्व कानून मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली के बेटे रोहन जेटली- कॉर्नेल यूनिवर्सिटी से एलएलएम

क्या आप जानते हैं यूके या अमेरिका में एक साल की हायर स्टडीज का खर्च कितना आता है. मोटा मोटा मान कर चलिए 40-50 लाख रुपए फीस और 20-25 लाख रुपए रहन-सहन का खर्च आता है. क्या भारत का एक आम नागरिक ये खर्चा उठा सकता है.

ज़रा सोचिए…

इस स्टोरी का वीडियो यहां देखिए-

 

 

 

Khushdeep Sehgal
Follow Me
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x