सिरसा, हरियाणा।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े 7 बजे सिरसा में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब शादी समारोह से लौट रहा एक परिवार कार समेत गहरी नहर में जा गिरा। कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं, एक पुरुष तथा दो छोटे बच्चे (एक 4 वर्ष और एक 2 वर्ष का) शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी समय एक बाइक सवार युवक वहां से गुजर रहा था। उसने कार को नहर में गिरते देखा और तुरंत शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया। उसकी सूझबूझ और तत्परता से गांव के कई युवा मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीण युवाओं ने बिना समय गंवाए नहर में छलांग लगा दी। कार का शीशा तोड़कर अंदर फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकाला गया। पूरा रेस्क्यू अभियान महज 3–4 मिनट में पूरा कर लिया गया। सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के तुरंत बाद कार पूरी तरह पानी में डूब गई।
स्थानीय लोगों ने युवाओं की बहादुरी और एकजुटता की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कुछ मिनट की भी देरी हो जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
गौरतलब है कि हाल ही में नोएडा में एक अन्य घटना में एक इंजीनियर लंबे समय तक मदद के लिए पुकारता रहा, लेकिन समय पर बचाव नहीं हो सका। ऐसे में सिरसा के ग्रामीण युवाओं द्वारा दिखाई गई तत्परता और साहस को लोग असली हीरो की मिसाल बता रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने इन बहादुर युवाओं को सलाम करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में मानवता और हिम्मत ही सबसे बड़ी ताकत होती है।
- MRI जांच के दौरान छह वर्षीय बच्चे की मौत - February 15, 2026
- सिरसा में नहर में गिरी कार, ग्रामीण युवाओं ने 4 मिनट में बचाई 6 जिंदगियां - February 15, 2026
- भारतीय लोकतंत्र दिखा सकता है दुनिया को नई राह - February 11, 2025